(फाइल फोटो के साथ)
लखनऊ, तीन फरवरी (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने अमेरिका के साथ भारत के व्यापार समझौते को लेकर मंगलवार को कहा कि सरकार को इस बारे में विस्तार से संसद में बताना चाहिए।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत और अमेरिका के बीच अनेक शर्तों के साथ आपसी समझौते के बाद अमेरिका द्वारा 18 प्रतिशत शुल्क लगाये जाने की खबर कितनी देश व जनहित में है, इस संबंध में समुचित जानकारी के अभाव में तत्काल कोई आकलन करना जल्दबाजी होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस पर जमीनी अमल होने के बाद ही यह सही से मालूम हो पायेगा कि इससे देश के खासकर बहुजनों, गरीबों, मजदूरों, किसानों व महिलाओं का क्या भला होगा।’’
बसपा प्रमुख ने कहा, ‘‘यह बेहतर होता कि सरकार द्वारा संसद के सत्र के दौरान ही इस बारे में विस्तार से बताया जाए ताकि लोगों को सही-सही जानकारी मिले।”
दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत अमेरिका ने भारत से आने वाली वस्तुओं पर जवाबी शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।
भाषा जफर शोभना आशीष
आशीष