दक्षिण अफ्रीका में हमीरपुर के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Ads

दक्षिण अफ्रीका में हमीरपुर के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 08:50 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 08:50 PM IST

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 14 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के 26 वर्षीय एक युवक की दक्षिण अफ्रीका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके परिजनों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

परिजनों के मुताबिक, अमन कुमार का शव रविवार को एक तरण ताल (स्वीमिंग पूल) से बरामद किया गया, जिससे उसकी मौत की परिस्थितियों पर सवाल खड़े होते हैं।

अमन के परिजनों ने बताया कि वह पिछले साल दिवाली के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती देने और उज्ज्वल भविष्य की तलाश में दक्षिण अफ्रीका गया था। वह वहां एक होटल में कार्यरत था।

अमन के पिता उधम सिंह दिहाड़ी मजदूर हैं और शादी-ब्याह में बैंड बजाने का काम करते हैं। उन्होंने किसी तरह पैसे जुटाकर अपने बेटे को होटल प्रबंधन का कोर्स कराया था।

अमन ने करीब तीन महीने पहले ही केरल की एक महिला से ‘कोर्ट मैरिज’ की थी।

शोक संतप्त पिता ने राज्य सरकार और विदेश मंत्रालय से भावुक अपील करते हुए अपने बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद मांगी है।

प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण शव को भारत लाने की प्रक्रिया में करीब 15 से 20 दिन का समय लगने की संभावना है। अमन की मौत को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश