सुलतानपुर (उप्र), 20 जून (भाषा) सुलतानपुर जिले की एक अदालत में कवि कुमार विश्वास और आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं से जुड़े चुनाव आचार संहिता उल्लंघन मामले में शनिवार को सुनवाई टल गई। अब अगली सुनवाई 22 जून को होगी। एक अधिवक्ता ने यह जानकारी दी।
वरिष्ठ अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार को अदालत में कुमार विश्वास से जुड़े दो मुकदमों पर विचार होना था। पहले मुकदमे में कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती आरोपी हैं। इस मामले में सुनवाई के लिए 20 जून की तारीख तय थी, लेकिन आरोपी सत्येंद्र जैन को छोड़कर अन्य आरोपियों को समंन तामील नहीं हो सका।
सिंह ने बताया कि समन तामील की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 जून की तारीख तय की है।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान अमेठी में दर्ज हुए आचार संहिता उल्लंघन और चुनावी नियमों की अवहेलना के मामलों में सुलतानपुर की विशेष सांसद/विधायक अदालत में शनिवार को सुनवाई हुई। इस मामले में आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता व कवि डॉ. कुमार विश्वास, दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और सोमनाथ भारती आरोपी हैं।
इसके अलावा, कुमार विश्वास से जुड़े एक अन्य मुकदमे में, जिसमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी अभियुक्त हैं, विशेष अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 24 जुलाई की तिथि तय की है।
भाषा सं आनन्द शफीक
शफीक