लखनऊ, 10 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे अनेक स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक की अवधि में लखनऊ में 13.3 मिलीमीटर, मुजफ्फरनगर में 7.6 मिलीमीटर, इटावा में 10 मिलीमीटर, बांदा में 5.3 मिलीमीटर, सुल्तानपुर में 3.5 मिलीमीटर, गोरखपुर में 3.2 मिलीमीटर और कानपुर नगर में 2.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
राज्य के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था।
मौसम विभाग ने शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के लिए आईएमडी ने आसमान में बादल छाए रहने तथा रुक-रुक कर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ भारी बारिश भी हो सकती है।
भाषा
जफर रवि कांत