सहारनपुर में मुठभेड़ के बाद ‘हिस्ट्रीशीटर’ गौ तस्कर गिरफ्तार
सहारनपुर में मुठभेड़ के बाद ‘हिस्ट्रीशीटर’ गौ तस्कर गिरफ्तार
सहारनपुर (उप्र), आठ अप्रैल (भाषा) सहारनपुर जिले के चिलकाना क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद एक ‘हिस्ट्रीशीटर’ गौ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मुनीश चंद्र ने बुधवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चिलकाना थाना क्षेत्र में घाटाहेड़ा गांव के पास कुछ लोग गौ वध की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने एक बाग में आम के पेड़ के पास दो लोगों को एक गाय के साथ देखा और जब पुलिस ने उनसे पूछताछ की कोशिश की तो आरोपियों ने गोली चला दी।
चंद्र ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा चलाई गोली एक आरोपी के दाएं पैर में लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुतुब शेर थाने में ‘हिस्ट्रीशीटर’ उस्मान उर्फ मनी के तौर पर हुई है और वह चिलकाना थाना इलाके के बुड्ढाखेड़ा में रहता है।
चंद्र ने बताया कि घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।
चंद्र ने बताया कि उस्मान के फरार साथी को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी पर मनुष्यों की तस्करी और चोरी समेत करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।
भाषा सं सलीम सुरभि जोहेब
जोहेब

Facebook


