वायु सेना की सूर्य किरण टीम हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर तिरा में ‘एयर शो’ करेगी

Ads

वायु सेना की सूर्य किरण टीम हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर तिरा में ‘एयर शो’ करेगी

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 04:07 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 04:07 PM IST

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), 12 मार्च (भाषा) वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम 25 और 26 मार्च को हमीरपुर जिले के सुजानपुर तिरा में एक ‘एयर शो’ आयोजित करेगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ‘एयर शो’ के लिए सुजानपुर तिरा स्थित चौगान मैदान और सैनिक स्कूल को स्थल के रूप में चुना गया है।

सुजानपुर तिरा सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने इस खबर की पुष्टि की।

उन्होंने कहा कि सूर्य किरण टीम को ‘‘वायु सेना के राजदूत’’ के रूप में भी जाना जाता है जो अपनी अद्वितीय सटीकता, उत्कृष्ट कौशल और बेहतरीन टीम वर्क के लिए विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह विशिष्ट टीम आकर्षक लाल और सफेद हॉक एमके-132 जेट विमानों में उड़ान भरते हुए कई रोमांचकारी हवाई करतबों का प्रदर्शन करेगी। उनके प्रदर्शन में सांसों को थाम कर रख देने वाले लूप, रोमांचकारी बैरल रोल, गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देते हुए उल्टा उड़ना और बेहद लोकप्रिय डीएनए पैंतरेबाजी शामिल होगी। प्रत्येक प्रदर्शन पायलटों के असाधारण कौशल, अनुशासन और उत्कृष्ट समन्वय को प्रदर्शित करेगा।’’

भाषा

सुरभि पवनेश

पवनेश