मेरठ, 15 मई (भाषा) मेरठ जिले के फलावदा थानाक्षेत्र में पुलिस और ‘स्वाट टीम’ की संयुक्त कार्रवाई में एक अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि दो लोगों को गिरफ्तार कर मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार, अर्द्धनिर्मित तमंचे और शस्त्र निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
उसने बताया कि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस और ‘स्वाट टीम’ ने शुक्रवार सुबह फलावदा में बलराम फार्म हाउस के निकट एक बंद पड़ी पुरानी आरा मशीन में छापा मारा क्योंकि सूचना मिली थी कि वहां अवैध तमंचे बनाए जा रहे हैं।
कुमार ने बताया कि छापे के दौरान पुलिस ने मजहर (29) तथा मोहम्मद असफी (58) गिरफ्तार किया तथा फार्महाउस से तीन निर्मित 315 बोर तमंचे, दो अर्द्धनिर्मित तमंचे, दो जिंदा कारतूस तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, रेती, सिकंजा और अन्य उपकरण बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी साबिर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उसने कहा कि इस संबंध में थाने में आयुध अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद असफी के खिलाफ पूर्व में विद्युत अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार