महिला से संबंध को लेकर युवक की हत्या, तीन गिरफ्तार

Ads

महिला से संबंध को लेकर युवक की हत्या, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 06:40 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 06:40 PM IST

मेरठ, 26 अगस्त (भाषा) मेरठ जिले में पुलिस ने एक महिला से पुराने संबंध को लेकर हुए विवाद में एक युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने और शव को गंगनहर में फेंकने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल, होटल मालिक रोबिन और होटल मैनेजर ओमेन्द्र के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि राहुल पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सरवर की हत्या की, जबकि रोबिन और ओमेन्द्र पर घटना के साक्ष्य छिपाने का आरोप है।

उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को सरवर को कथित तौर पर गढ़ चौपला (स्याना चौराहा) के पास स्थित एक होटल ले जाया गया जहां राहुल ने उसकी कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि इसके बाद शव को एक चादर में बांधकर गंगनहर में फेंक दिया गया।

कुमार के अनुसार, जांच में हत्या की वजह राहुल के एक महिला से पुराने संबंध सामने आए। उन्होंने बताया कि सरवर ने उस महिला की शादी किसी अन्य व्यक्ति से कराने में मदद की थी, जिसके चलते सरवर से राहुल रंजिश रखता था।

पुलिस के अनुसार, घटना की जांच के दौरान होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोप है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद दोनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी और होटल के कमरे में मौजूद खून आदि साफ करके साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।

पुलिस ने जांच के दौरान राहुल को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने साक्ष्य छिपाने के आरोप में होटल मालिक रोबिन और मैनेजर ओमेन्द्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना से संबंधित चादर के रंग से मिलता-जुलता एक तकिये का कवर भी बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि राहुल के खिलाफ बिजनौर और मेरठ में हत्या, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं जफर

अमित

अमित