रामपुर (उप्र), आठ सितंबर (भाषा) रामपुर जिले की पुलिस ने मादक द्रव्य रखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से कथित तौर पर मादक पदार्थ के रूप में इस्तेमाल की जा रही कफ सिरप की 12,000 बोतलें जब्त की हैं।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए कहा कि कैडिला ब्रांड नाम से निर्मित इस बरामद खेप की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया, ‘‘हमें कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि चिकित्सीय उपयोग के लिए बनी कफ सिरप का मादक पदार्थ के रूप में दुरुपयोग किया जा रहा है। इस पर चार टीम का गठन किया गया, जिन्होंने एक गोदाम पर छापा मारा।’’
एएसपी ने बताया, ‘‘छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और कफ सिरप की लगभग 12,000 बोतलें बरामद की गईं।’’
श्रीवास्तव ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि