भदोही में बिजली विभाग के लिपिक को एसीओ टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया
भदोही में बिजली विभाग के लिपिक को एसीओ टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया
भदोही (उप्र), 25 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की टीम ने शुक्रवार शाम भदोही जिले में बिजली विभाग के एक कर्मचारी को उसके कार्यालय में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक अधिशासी अभियंता कार्यालय (प्रथम खंड) से वरिष्ठ लिपिक प्रशांत कुमार सोनी (40) को मिर्जापुर मंडल के एसीओ निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने गिरफ्तार किया है।
अधिशासी अभियंता राम भूषण शर्मा ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा लिपिक प्रशांत कुमार सोनी को गिरफ्तार किये जाने के बाद शुक्रवार शाम उसे निलंबित कर दिया गया है। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शैलेश कुमार राय ने बताया कि क्षेत्र के मदारीपुर निवासी विकास कुमार गुप्ता ने अपना बिजली कनेक्शन पूर्ण रूप से कटवाने के लिए सभी ज़रूरी कारवाई के बाद लिपिक प्रशांत कुमार सोनी से संपर्क किया जिस पर लिपिक ने आठ हज़ार रुपये की मांग की।
उन्होंने बताया विकास कुमार गुप्ता ने इसकी शिकायत मिर्जापुर मंडल के भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की थी और आज दोपहर बाद जैसे ही रिश्वत की आठ हज़ार रुपये की रकम लिपिक ने लेकर जेब मे रखी, तभी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में आई टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द वैभव
वैभव

Facebook


