मथुरा (उप्र), दो सितम्बर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में पुलिस ने वृन्दावन स्थित ठा. बांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ के बीच दर्शन कर रहे श्रद्धालुओं के जेवर, नकदी एवं मोबाइल फोन की चोरी करने वाला ऐसा गिरोह पकड़ा है जिसका सरगना परिवार का मुखिया है और पत्नी एवं पुत्र उसका साथ देते रहे हैं।
पुलिस उपाधीक्षक (सदर) प्रवीण मलिक ने बताया कि महाराष्ट्र के जलगांव का रहने वाला सुरेश रामदास काम्बले, पत्नी आशा बाई काम्बले व पुत्र रोशन सुरेश काम्बले के साथ लंबे समय से वृन्दावन के विभिन्न मंदिरों में आने वाले दर्शनार्थियों के गले, कान और जेबों पर हाथ साफ करता रहा है।
उन्होंने बताया कि मंदिर प्रशासन ने ऐसी वारदातों पर लगाम लगाने एवं भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी नेटवर्क को एक बार फिर मजबूत करना प्रारम्भ कर दिया है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चार सिपाहियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए एसओजी का गठन किया। इन्होंने लगातार निगरानी रखते हुए इस चोर परिवार को चिह्नित किया और फिर बृहस्पतिवार को रंगे हाथों पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि इनके कब्जे से पुलिस को तलाशी में सोने से बने दो मंगलसूत्र, एक गले की जंजीर, एक हार, एक ‘ऊॅं’ का लॉकेट, कान के टॉप्स, तीन झुमकी और 46 हजार 600 रुपए नकद एवं सात मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
मलिक ने बताया कि तीनों को जेल भेज दिया गया है।
दूसरी ओर, मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया, मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों के कीमती सामानों की चोरियों पर रोकथाम के लिए एवं भीड़ को समय रहते नियंत्रित करने के लिए मंदिर आने वाले सभी प्रमुख मार्गों व गलियों तक में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जा रहा है, जहां पहले से कैमरे लगे हुए हैं उन्हें चेक कर दुरुस्त किया जा रहा है।
भाषा सं जफर रंजन
रंजन