भारत का रक्षा उत्पादन और निर्यात पिछले एक दशक में काफी बढ़ा है: केंद्रीय मंत्री संजय सेठ

भारत का रक्षा उत्पादन और निर्यात पिछले एक दशक में काफी बढ़ा है: केंद्रीय मंत्री संजय सेठ

भारत का रक्षा उत्पादन और निर्यात पिछले एक दशक में काफी बढ़ा है: केंद्रीय मंत्री संजय सेठ
Modified Date: September 20, 2026 / 02:46 pm IST
Published Date: September 20, 2026 2:46 pm IST

मेरठ (उत्तर प्रदेश), 20 सितंबर (भाषा) केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को कहा कि पिछले एक दशक में भारत में रक्षा उत्पादन और निर्यात में काफी वृद्धि हुई है और अब कई देशों को रक्षा उपकरण निर्यात किए जा रहे हैं।

यहां लगातार दूसरे दिन ‘सूर्यकिरण’ एयर शो देखने के बाद सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “स्वदेशी” और “आत्मनिर्भर भारत” दृष्टिकोण के अनुरूप देश की रक्षा क्षमताएं मजबूत की जा रही हैं।

उन्होंने कहा, “भारत अब कई देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है और पिछले एक दशक के दौरान रक्षा उत्पादन तथा निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।”

सेठ ने भारतीय वायु सेना की ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ को देश की शान बताया और कहा कि यह एयर शो युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा, “मेरठ के बच्चों को रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने पर विचार करना चाहिए। इस कार्यक्रम के पीछे यही सोच है। जब युवा इन विमानों को देखेंगे, तो वे सोचेंगे कि मैं वायु सेना का पायलट क्यों नहीं बन सकता और मैं रक्षा सेवाओं में शामिल क्यों नहीं हो सकता?”

सेठ ने 1857 के विद्रोह से मेरठ के जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह शहर वीरों की भूमि है और इस तरह के आयोजन युवाओं में देशभक्ति व सेवा की भावना पैदा करने में मदद करेंगे।

इस बीच, सूर्यकिरण टीम के नौ ‘हॉक एमके-132’ विमानों ने एयर शो के दूसरे दिन लगभग 30 मिनट तक हवाई करतब दिखाए। आयोजकों के अनुसार, लगभग 50,000 लोगों ने यह प्रदर्शन देखा।

विमान लगभग 100 फुट की ऊंचाई पर उड़े, उन्होंने दिल का आकार बनाया और राष्ट्रध्वज के रंगों में धुएं की लकीरें छोड़ीं।

दो दिवसीय यह एयर शो ‘न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप’ में आयोजित किया गया था, जिसमें नौ विमानों ने गाजियाबाद के हिंडन एयर बेस से उड़ान भरी थी। मेरठ के तीन पायलट सूर्यकिरण टीम का हिस्सा थे।

स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और राहुल सिंह ने विमान उड़ाए, जबकि स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल ने जमीन से शो का समन्वय किया।

भाषा सं आनन्द

रंजन जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में