उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, 10 लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, 10 लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, 10 लोग गिरफ्तार
Modified Date: May 31, 2026 / 05:55 pm IST
Published Date: May 31, 2026 5:55 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 31 मई (भाषा) कुशीनगर पुलिस ने नेपाली नागरिकों को कथित तौर पर नौकरी, उच्च शिक्षा और नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए मोटी कमाई का झांसा देकर अपने जाल में फंसाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कुशीनगर के कसया कस्बे में चलाए गए एक अभियान के दौरान दो महिलाओं समेत गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य नेपाल के अलग-अलग हिस्सों से आर्थिक रूप से कमजोर और कम पढ़े-लिखे लोगों को रोजगार और शिक्षा के अवसरों का बहाने कुशीनगर आने के लिए लुभाते थे और वहां पहुंचने पर उनसे कथित तौर पर प्रशिक्षण, पंजीकरण और अन्य प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर जबरन धन वसूली करते थे।

जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के चंगुल से 453 नेपाली नागरिकों को बचाया और उन्हें सुरक्षित नेपाल वापस भेजने में मदद की।

पुलिस बताया गिरफ्तार आरोपियों के पास से नौ नकली आधार कार्ड, 60 बॉन्ड पेपर, एक लैपटॉप, सोने की अंगूठियां, 60,320 रुपये की भारतीय मुद्रा और 14,290 रुपये की नेपाली मुद्रा बरामद की गई है।

पुलिस ने कहा कि यह अभियान कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर चलाया गया था जिसके तहत कसया थाने और एसटीएफ गोरखपुर की टीमों ने शनिवार को कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में नेपाली नागरिक दीपक थापा, ओम प्रकाश चौलागाई, नीमा शेरपा, गणेश खत्री, सोजन्या संतान, ज्ञानेंद्र यादव और विशाल तमांग शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इनके अलावा, कसया के परसौना के रहने वाले सर्वेश प्रताप राव भी गिरफ्तार किया गया है।

इस गिरोह से जुड़ी दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे एक संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा हैं, जो जाली दस्तावेजों और झूठे वादों के जरिये भोले-भाले लोगों को ठगने का काम करता है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।

भाषा सं सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में