kanpur/ image source: IBC24
Kanpur Accident News: कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से बड़ी खबर आई है। खबर यह है कि, इलाके में तेज रफ्तार इको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। वहीं, पता चला कि, कार में एक ही परिवार के नौ लोग सवार थे जो तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर कानपुर लौट रहे थे। हादसे में चार लोगों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। चलिए विस्तार से आपको पूरा मामला बताते हैं।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार इको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। कार में एक ही परिवार के नौ लोग सवार थे, जो तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर कानपुर लौट रहे थे। हादसे में चार लोगों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोगों को स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त कोशिशों से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना से क्षेत्र में शोक और अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार चालक के साथ परिवार के सदस्य सफर कर रहे थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे तालाब में जा गिरी। वाहन पानी में डूब गया और अंदर बैठे लोग फंस गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में राजकिशोर, स्नेहलता, हिमांशु और शिव अग्निहोत्री की मौत हो गई। वहीं कृतिका, सुधा, वाणी, कान्हा और सुधांशु को गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर में भी माहौल गमगीन हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।