तेंदुए के डर से वकीलों ने नहीं किया काम, वन अधिकारी बोले- अदालत परिसर में नहीं घुसा जानवर

Ads

तेंदुए के डर से वकीलों ने नहीं किया काम, वन अधिकारी बोले- अदालत परिसर में नहीं घुसा जानवर

  •  
  • Publish Date - February 16, 2023 / 08:02 PM IST,
    Updated On - February 16, 2023 / 08:02 PM IST

गाजियाबाद (उप्र), 16 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला अदालत परिसर में कथित रूप से तेंदुए के घुस आने से खौफजदा वकीलों ने बृहस्पतिवार को कार्य नहीं किया।

दूसरी ओर, वन विभाग का दावा है कि पिछली आठ फरवरी को सीसीटीवी फुटेज में नजर आया विडालवंशी जीव तेंदुआ नहीं बल्कि बिल्ली थी।

जिला बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष नाहर सिंह यादव ने बताया, ‘‘जिला अदालत परिसर में पिछली आठ फरवरी को एक तेंदुआ घुस आया था। इससे वकीलों में नाराजगी और खौफ व्याप्त है। इसी मामले को लेकर अदालत अधिवक्ता कार्य से विरत रहे। अदालतों के सभी दरवाजे एहतियातन बंद कर दिये गये हैं।’’

इस बीच, प्रभागीय वन अधिकारी मनीष सिंह ने ‘पीटीआई—भाषा’ से बातचीत में दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखायी दे रहा जानवर तेंदुआ नहीं बल्कि बिल्ली थी।

उन्होंने कहा कि वन विभाग की एक टीम ने बुधवार को सम्बन्धित इलाके में तलाश अभियान चलाया, इस दौरान तेंदुए का कोई चिह्न नहीं मिला है।

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक तेंदुआ जिला अदालत से सटे आईएमटी कॉलेज परिसर के अंदर नजर आ रहा है।

कवि नगर के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए की आमद से वन विभाग के इनकार के बावजूद अदालत परिसर और आसपास एहतियात के तौर पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा सं सलीम रंजन

रंजन