लखनऊ: शिया धर्मगुरु के नाम पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के आरोप में फेसबुक उपयोगकर्ता पर मामला दर्ज

Ads

लखनऊ: शिया धर्मगुरु के नाम पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के आरोप में फेसबुक उपयोगकर्ता पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 12:20 AM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 12:20 AM IST

लखनऊ, 26 मई (भाषा) सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और नफरत फैलाने के उद्देश्य से शिया धर्मगुरु मौलाना मिर्जा मोहम्मद यासूब अब्बास के नाम से भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने के मामले में अज्ञात फेसबुक उपयोगकर्ता के खिलाफ यहां के चौक थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मौलाना मिर्जा मोहम्मद यासूब अब्बास ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि फेसबुक पर एक अज्ञात खाते से उनके नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल कर आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोस्ट में ऐसे शब्द और कथन थे जिनसे दो समुदायों के बीच वैमनस्य, घृणा और शत्रुता फैल सकती थी।

अब्बास, जो अखिल भारतीय शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं, ने अपने नाम से किए गए पोस्टों को खारिज किया और जनता से अपील की कि वे उन पर विश्वास न करें।

वादी की तहरीर पर चौक थाने में अज्ञात फेसबुक उपयोगकर्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) (सार्वजनिक उपद्रव को बढ़ावा देने वाले बयान) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अब्बास ने एक वीडियो बयान में कहा कि ईद-उल-अज़हा (बकरीद) से पहले सोशल मीडिया पर उनके नाम से इस तरह का झूठा बयान फैलाना बेहद दुखद है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

भाषा आनन्द शोभना

शोभना