CM Yogi Adityanath News/ Image Credit: CM Yogi Adityanath X Handle
लखनऊ: Maharishi Valmiki Jayanti 2025: महर्षि वाल्मीकि की जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश और दिल्ली सरकार ने 7 अक्टूबर 2025 को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इस दिन स्कूल, कॉलेज और सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। यह फैसला महर्षि वाल्मीकि के सम्मान में लिया गया है, जिन्हें भारतीय साहित्य का ‘आदिकवि’ माना जाता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27 सितंबर को श्रावस्ती दौरे के दौरान जनसभा में यह घोषणा किया था कि 7 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके बाद सचिवालय प्रशासन विभाग ने 3 अक्टूबर को आधिकारिक आदेश जारी किया, जिसमें स्पष्ट किया गया कि इस दिन सभी शासकीय कार्यालय, शिक्षण संस्थान और विभागीय दफ्तर बंद रहेंगे।
सरकार की ओर से जारी आदेश में यह भी साफ किया गया है कि यह अवकाश निगोशिएबुल इन्स्ट्रूमेन्ट एक्ट 1881 के अधीन नहीं होगा। इसका मतलब यह है कि बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान सामान्य रूप से खुले रहेंगे, जबकि अन्य सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
अखिल भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज द्वारा इस दिन को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग लगातार की जा रही थी। समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपकर सरकार से अनुरोध किया था कि पूर्व में लागू इस छुट्टी को फिर से बहाल किया जाए। समाज की मांग पर सरकार ने सकारात्मक कदम उठाते हुए यह निर्णय लिया।
दिल्ली सरकार ने भी 7 अक्टूबर 2025 को वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इस दिन सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। यह आयोजन समाज कल्याण विभाग द्वारा दिल्ली सचिवालय में किया जाएगा।
दिल्ली सरकार के बयान में कहा गया है कि महर्षि वाल्मीकि केवल रामायण के रचयिता ही नहीं, बल्कि समानता, न्याय और मानवता के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, यह अवसर उनके जीवन मूल्यों, साहित्यिक योगदान और सामाजिक संदेश को याद करने का है। दिल्ली सरकार ने यह भी दोहराया कि वह दलित समुदाय के उत्थान और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।