भदोही (उप्र), 16 सितंबर (भाषा) भदोही पुलिस ने 2023 में 16 साल की एक किशोरी का अपहरण करके दिल्ली में उसके साथ तीन महीने तक दुष्कर्म करने के आरोपी को मंगलवार को यहां गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह मामला गोपीगंज थाने के एक गांव का है जहां की रहने वाली एक महिला ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी 16 साल की बेटी 9 जुलाई, 2023 की शाम घर से बाजार गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। अधिकारी ने बताया कि कई दिनों तक तलाश करने के बाद 16 जुलाई को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके विवेचना शुरू की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि विवेचना में शाहजहांपुर जिले के ओमकार सिंह का नाम सामने आया। अग्रवाल ने बताया कि पुलिस टीम शाहजहांपुर पहुंची तो पता चला कि ओमकार सिंह पूरी संपत्ति बेचकर दिल्ली में बस गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने दिल्ली के अशोक विहार में वज़ीरगंज कालोनी स्थित ओमकार सिंह के घर से किशोरी को नवंबर, 2023 में बरामद किया लेकिन ओमकार सिंह फरार हो गया था।
उन्होंने बताया कि किशोरी को भदोही लाकर मेडिकल जांच और अदालत में बयान दर्ज करके दुष्कर्म की धारा 376 और पाक्सो कानून की धारा 3/4 जोड़ी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने फरार ओमकार सिंह पर 15,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
अग्रवाल ने बताया कि सर्विलांस की मदद से सूचना मिली थी की ओमकार सिंह मंगलवार को ट्रेन से कही जा रहा है और आज जिले के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेन से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा सं राजेंद्र अमित
अमित