सुलतानपुर में खेत में बकरी चराने पर विवाद के कारण व्यक्ति ने चचेरे भाई की हत्या की

Ads

सुलतानपुर में खेत में बकरी चराने पर विवाद के कारण व्यक्ति ने चचेरे भाई की हत्या की

  •  
  • Publish Date - March 1, 2026 / 10:45 PM IST,
    Updated On - March 1, 2026 / 10:45 PM IST

सुलतानपुर (उप्र), एक मार्च (भाषा) सुलतानपुर जिले के बंधुआ कला थाना क्षेत्र में बकरी चराने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने रविवार दोपहर अपने चचेरे भाई को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि खेत में बकरी चराने को लेकर हुए विवाद के दौरान थाना क्षेत्र के दाउदपुर मनियारीगांव निवासी शाहिद (62) को उसके चचेरे भाई शेहरु हुसैन (45) ने तमंचे से गोली मार दी।

उसने बताया कि गोली शाहिद के पेट के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे परिजनों एवं ग्रामीणों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

उसने बताया कि इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

नगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सौरभ सावंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द सिम्मी

सिम्मी