उप्र में 16 क्विंटल से अधिक असुरक्षित खाद्य पदार्थ अभियान में नष्ट किया गया

Ads

उप्र में 16 क्विंटल से अधिक असुरक्षित खाद्य पदार्थ अभियान में नष्ट किया गया

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 06:49 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 06:49 PM IST

लखनऊ, 26 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने रक्षा बंधन त्योहार से पहले पूरे राज्य में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मिलावटी, संदिग्ध और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में परिवहन किए जा रहे खाद्य उत्पादों पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया है कि प्रवर्तन दलों ने 25-26 अगस्त को एक विशेष अभियान चलाया, जिसमें टोल प्लाजा, राजमार्गों और कई जिलों में संपर्क सड़कों पर खाद्य पदार्थ से भरे वाहनों का गहन निरीक्षण किया गया।

बयान में कहा गया कि अभियान के दौरान, 97 वाहनों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 28 वाहनों में अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें संदिग्ध या मिलावटी खाद्य उत्पाद और अस्वच्छ परिस्थितियों में परिवहन की जाने वाली वस्तुएं शामिल थीं।

बयान में कहा गया है कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए 35 नमूने एकत्र किए और मौके पर आवश्यक कार्रवाई की। बयान के अनुसार इसके अलावा, लगभग 16.3 क्विंटल खाद्य उत्पाद असुरक्षित और अस्वच्छ परिस्थितियों में संग्रहीत या परिवहन किए जाते पाए गए और बाद में उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। बयान के अनुसार इस खाद्य उत्पाद की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आकी गई है।

आगामी 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दौरान मिठाई, खोया, पनीर, दूध, नमकीन और अन्य खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग ने आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है।

अभियान का उद्देश्य बाजारों में बिक्री के स्तर पर कार्रवाई तक सीमित नहीं था, बल्कि खाद्य उत्पादों को एक जिले से दूसरे जिले तक ले जाने वाले वाहनों की जांच सुनिश्चित करना भी था।

विभागीय दलों ने वाहनों में रखे खाद्य उत्पादों की स्वच्छता, भंडारण और परिवहन स्थितियों का निरीक्षण किया और संदिग्ध खाद्य उत्पादों के नमूने एकत्र किए, जिन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया।

बयान के अनुसार मथुरा में दिल्ली हाईवे पर एक वाहन की जांच के दौरान करीब 1200 किलोग्राम पनीर बरामद हुआ। इसमें कहा गया कि खाद्य उत्पाद की गुणवत्ता एवं स्थितियां संदिग्ध पाये जाने पर लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का पनीर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। बयान के अनुसार मामले में जांच के लिए नमूना एकत्र किया गया।

बयान के अनुसार इसी तरह मेरठ में हाईवे पर दो वाहनों की जांच की गई और दोनों वाहनों में करीब 10 क्विंटल खोया अस्वच्छ स्थिति में ले जाते हुए पाया गया। इसमें कहा गया है कि लगभग 3.30 लाख रुपये का खोया नष्ट कर दिया गया और परीक्षण के लिए दो नमूने एकत्र किए गए।

बयान के अनुसार अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर खाद्य सुरक्षा टीम ने नमकीन लदे वाहन की जांच की। बयान के अनुसार वाहन में लगभग 3,416 किलोग्राम नमकीन पायी गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 32,000 रुपये है। बयान के अनुसार कार्रवाई के दौरान नमकीन के करीब चार नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

बयान के अनुसार इसी दौरान पिलखुवा-हापुड़ हाईवे पर दो वाहनों को रोककर जांच की गई और निरीक्षण के दौरान लगभग 1,670 किलोग्राम खोया अस्वच्छ परिस्थितियों में पाया गया। बयान के अनुसार लगभग 35 हजार रुपये मूल्य का खोया नष्ट कराया गया और जांच के लिए पांच नमूने एकत्र किये गये।

बयान के अनुसार बागपत में दिल्ली मार्ग पर चार वाहनों की जांच की गई और इनमें से दो वाहनों में लगभग 520 किलोग्राम खोया अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित पाया गया। बयान के अनुसार करीब 1.44 लाख रुपये का खोया मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

बयान के अनुसार अलीगढ़ में नोएडा रूट पर एक दूध टैंकर की जांच की गई और करीब 7,000 लीटर दूध नष्ट कर दिया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये है। बयान के अनुसार जांच के लिए दूध का नमूना भी लिया गया।

बयान के अनुसार कानपुर में खाद्य सुरक्षा टीम ने रेलवे स्टेशन मार्ग पर कार्रवाई करके करीब 500 किलोग्राम असुरक्षित खोया नष्ट कराया जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बतायी गयी।

बयान के अनुसार नोएडा-दिल्ली मार्ग पर पनीर से लदी दो गाड़ियों की जांच की गई और गाड़ियों में करीब 185 किलोग्राम पनीर मिला। बयान के अनुसार इस संदेह के चलते कि पनीर को केमिकल का उपयोग करके बनाया गया था, उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। बयान के अनुसार नष्ट किये गये पनीर की अनुमानित कीमत लगभग 2.75 लाख रुपये थी।

बयान के अनुसार गोरखपुर में अयोध्या-बस्ती मार्ग से आ रही एक गाड़ी की जांच के दौरान करीब 600 किलोग्राम तैयार मिल्क केक जैसी मिठाई बरामद हुई। बयान के अनुसार हालात को देखते हुए करीब 1.08 लाख रुपये कीमत की मिठाई नष्ट करा दी गई और एक नमूना जांच के लिए एकत्र कर लिया गया।

भाषा जफर अमित

अमित