लखनऊ में अपहरण कर हत्या के मामले में 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार

Ads

लखनऊ में अपहरण कर हत्या के मामले में 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 7, 2026 / 07:44 PM IST,
    Updated On - September 7, 2026 / 07:44 PM IST

लखनऊ, सात सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के अपहरण और हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एसटीएफ की ओर से जारी बयान के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाराबंकी जिले के मूल निवासी और वर्तमान में सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाले जय किशन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक अंगूठी, 7,300 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को लखनऊ में धीरेंद्र प्रताप सिंह का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। एसटीएफ ने आरोपी जय किशन शर्मा को सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 चौराहे के पास सड़क किनारे से गिरफ्तार किया।

एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में जय किशन ने बताया कि धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या की योजना करीब एक महीने पहले उसके बड़े भाई रवि किशन शर्मा ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बनाई थी। उसने बताया कि इस योजना की जानकारी उसे और उसकी भाभी पूजा को भी थी। प्लॉट और मकान के लालच में वे भी इस साजिश में शामिल हो गए थे।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 29 अगस्त को उसने अपने बड़े भाई और उसके एक मित्र द्वारा भेजे गए शूटर के साथ मिलकर धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसके भाई ने उसे कुछ पैसे और धीरेंद्र की कीमती अंगूठी देकर फरार होने को कहा था।

जय किशन ने बताया कि घटना के बाद उसने और उसकी भाभी ने धीरेंद्र का मोबाइल फोन ट्रेन में फेंक दिया था। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लखनऊ में छिपकर रह रहा था।

एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी को सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

आनन्द रवि कांत