नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) प्रमुख पेंट विनिर्माता कंपनी एशियन पेंट्स ने सोमवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल में अतिरिक्त एवं स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त किए गए लियो पुरी को आर शेषशायी की जगह कंपनी का अगला चेयरमैन बनाया गया है।
एशियन पेंट्स ने शेयर बाजार को बताया कि निदेशक मंडल ने नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की सिफारिश के आधार पर सात सितंबर, 2026 से छह सितंबर, 2031 तक पांच साल के पहले कार्यकाल के लिए पुरी की नियुक्ति को मंजूरी दी है।
वह शेषशायी का कार्यकाल पूरा होने के बाद 23 जनवरी, 2027 से कंपनी के चेयरमैन का पदभार संभालेंगे। शेषशायी एक अक्टूबर, 2023 से एशियन पेंट्स के निदेशक मंडल के चेयरमैन हैं, और स्वतंत्र निदेशक के रूप में उनका कार्यकाल 22 जनवरी, 2027 को समाप्त हो रहा है।
कंपनी ने बताया, ”निदेशक मंडल ने 23 जनवरी, 2027 से लियो पुरी को निदेशक मंडल का चेयरमैन नियुक्त किया है।”
कंपनी ने आगे कहा कि स्वतंत्र निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति पर शेयरधारकों की मंजूरी ली जानी है।
पुरी के पास वित्तीय सेवाओं और कंपनियों के बोर्ड में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने 2013 से 2018 तक यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक के रूप में कार्य किया। वह इस समय हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक और डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज लिमिटेड में प्रमुख स्वतंत्र निदेशक हैं।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय