नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में सुस्ती रही और यह 650 रुपये टूटकर 1,60,250 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। वैश्विक बाजार में गिरावट का असर घरेलू बाजार धारणा पर पड़ा।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार को 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, चांदी की कीमत लगातार दूसरे सत्र में 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर स्थिर रही।
ब्रोकरेज मंच लेमन के शोध प्रमुख, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘उम्मीद से बेहतर अमेरिकी रोजगार आंकड़ों के बाद सितंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना बढ़ गई है, जिससे सोने पर दबाव बना रहा। अब बाजार आगे की नीति से जुड़े संकेतों के लिए इस सप्ताह आने वाले उत्पादक मूल्य सूचकांक और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आंकड़ों का इंतजार कर रहा है।’’
निवेशकों का ध्यान अमेरिका के महंगाई के अहम आंकड़ों पर है जो सप्ताह के आखिर में आने वाले हैं। इनसे फेडरल रिज़र्व की ब्याज दर की चाल और सर्राफा परिदृश्य पर इसके असर के बारे में नए संकेत मिल सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 35.03 डॉलर यानी लगभग एक प्रतिशत टूटकर 4,395.30 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी की कीमत एक प्रतिशत टूटकर 65.64 डॉलर प्रति औंस रह गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोमवार को विदेशी बाजार से मिले कमजोर संकेतों के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई और हाजिर कीमतें 4,400 डॉलर के स्तर के आसपास बनी रहीं।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय