यमुना एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में मंगेतर युवक-युवती की मौत

Ads

यमुना एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में मंगेतर युवक-युवती की मौत

  •  
  • Publish Date - September 10, 2022 / 07:56 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:58 PM IST

मथुरा (उप्र), 10 सितंबर (भाषा) मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में एक वाहन से एक कार की टक्कर हो जाने से उसमें सवार युवक-युवती की मौत हो गयी। दोनों की अगले साल 18 फरवरी को शादी होने वाली थी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मथुरा के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) त्रिगुण विनेश ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार की रात दिल्ली से आगरा की ओर तेज तेज रफ्तार से जा रही कार आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन में जा घुसी जिससे उसमें सवार युवक-युवती की मौत हो गयी।

उन्‍होंने बताया कि युवक की दिल्ली के आर के पुरम सेक्टर आठ निवासी विशाल (29) तथा युवती अलका (26) के रूप में पहचान हुई है। विनेश ने परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि युवक-युवती दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे तथा युवक गुरुग्राम एवं युवती नोएडा की कंपनी में काम करती थी।

उन्‍होंने बताया कि इन दोनों की सगाई हो चुकी है और अगले साल 18 फरवरी को दोनों की शादी होने वाली थी।

विनेश ने बताया कि वे दोनों शादी से पहले ताजमहल देखने आगरा जा रहे थे, तभी उनकी कार बलदेव थाना क्षेत्र के माइल स्टोन संख्या 135 के समीप आगे चल रहे किसी वाहन से टकरा गयी। उनके अनुसार वे कार में ही फंसे रहे गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार पुलिस ने बमुश्किल उनके शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां से बाद में परिजन शव ले गए। पुलिस के अनुसार अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार