मथुरा, 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के विस्तार हेतु कॉरिडोर निर्माण के लिए जमीन की रजिस्ट्री करने वाले परिवार के सदस्यों में ठाकुरजी के नाम पर जमीन देने पर अन्य भाइयों ने अपने ही एक भाई के परिवार पर हमला कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में मंदिर के नाम रजिस्ट्री करने वाले व्यक्ति की बेटी ने कोतवाली में पांच नामजदों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सदर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) पीतम पाल सिंह ने बताया कि वृंदावन के बिहारी पुरा निवासी रविंद्र शर्मा की बेटी मंजरी शर्मा ने अपने पिता के दो बड़े भाइयों तथा उनकी पत्नियों सहित उनके एक बेटे के विरुद्ध दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे वे लोग उनके घर में घुस आए और दरवाजा तोड़ दिया। जब उन्हें रोका तो सभी के साथ मारपीट कर दी।
वादी ने प्राथमिकी में कहा है कि वे लोग इस बात से बेहद खफा हैं कि उसके (मंजरी के) पिता (रविंद्र शर्मा) ने अपनी जमीन मंदिर के नाम क्यों कर दी। उसने बताया है कि पिता ने बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण के लिए विगत सात फरवरी को अपनी दुकान व मकान की रजिस्ट्री मंदिर के नाम कर दी है। आरोपियों ने उन सभी को जान से मार देने की धमकी दी है।
सीओ ने बताया कि प्राथमिकी में मंजरी के ताऊ योगेश शर्मा, ताई ज्योत्सना शर्मा और बेटे वैभव शर्मा, दूसरे ताऊ ब्रजेश शर्मा व उनकी पत्नी मीरा शर्मा आदि के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल, आरोपी फरार हैं। दबिश दी जा रही हैं। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत