मेरठ, 12 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ में फैक्ट्रियों के सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर एल्युमिनियम प्लेट लूटने के दो अलग-अलग मामलों का पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, लोहियानगर क्षेत्र में लूट के इन मामलों में गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (कोतवाली) संग्राम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुलंदशहर निवासी सलीम पहलवान, अजय और गाजियाबाद निवासी कलीम व आस मोहम्मद के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सलीम घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि चार-पांच सितंबर की रात अल्लीपुर स्थित बंद अलफईम मीट फैक्टरी में तीन सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर एल्युमिनियम की 30 प्लेट लूट ली गई थीं।
सिंह के अनुसार, 15-16 अगस्त की रात तान्या फैक्टरी में भी दो सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर वहां से एल्युमिनियम की 32 प्लेट लूट ली गयी थीं।
उन्होंने बताया कि शनिवार को चिंदौड़ी पुलिया के पास जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस दल पर गोली चला दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टाटा कैंटर, एक पिकअप वाहन, लूटी गई 30 एल्युमिनियम प्लेट, .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और 12 बोर के छह कारतूस बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि चारों आरोपी दोनों घटनाओं में वांछित थे और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस उनके आपराधिक इतिहास तथा लूट की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र