लखनऊ, 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिता के सिर पर वार करके हत्या करने के आरोपी एक नाबालिग को मंगलवार को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने एक बयान में यह जानकारी दी।
सोमवार को मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के खुजेहटा गांव के निवासी शिकायतकर्ता नवमी लाल ने थाने में सूचना दी थी कि उनके बेटे रामकरण रावत (45) का पूर्वाह्न करीब 11 बजे 17 वर्षीय नाबालिग पोते से झगड़ा हुआ।
शिकायतकर्ता ने बताया कि झगड़े के दौरान, नाबालिग ने अपने हाथ में मौजूद लाठी से पिता के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद, आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि इस सूचना के आधार पर, मोहनलालगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार नाबालिग आरोपी की तलाश के लिए चार पुलिस टीम गठित की गईं।
मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने भागने की कोशिश करते समय आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान पता चला कि रामकरण नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर लौटकर परिवार के सदस्यों पीटता था और नशीले पदार्थ खरीदने के लिए घर का सामान बेच देता था।
पुलिस ने कहा कि इन
परिस्थितियों से तंग होकर आरोपी ने जानबूझकर अपने पिता के सिर पर लाठी से वार करके उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरोपी को नियमों के अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा आनन्द जोहेब
जोहेब