पीलीभीत में नाबालिग किशोरी का अपहरण, प्राथमिकी दर्ज
पीलीभीत में नाबालिग किशोरी का अपहरण, प्राथमिकी दर्ज
पीलीभीत (उप्र), तीन अप्रैल (भाषा) पीलीभीत जिला मुख्यालय के कोतवाली नगर क्षेत्र के एक गांव में कथित तौर पर दिनदहाड़े एक नाबालिग किशोरी का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी और कहा कि प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने रिश्तेदारों पर आरोप लगाया है कि किशोरी को उनके सहयोग से अगवा किया गया।
पीलीभीत नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, दी गई तहरीर में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 16 वर्षीय किशोरी के पिता गुजरात में मजदूरी करते हैं और वह गांव में अपने चाचा के पास रहती थी।
शिकायत के अनुसार न्यूरिया थाना क्षेत्र के सिमरिया गौसू गांव निवासी टीकाराम उर्फ मोहित और मुकेश कुमार (पुत्र दोदराम) नामक दूर के रिश्तेदारों का पीड़िता के घर आना-जाना था।
यह घटना 31 मार्च, 2026 की दोपहर लगभग दो बजे की है जब आरोपी मुकेश और टीकाराम मोटरसाइकिल से पीड़िता के घर पहुंचे।
पीड़िता के चाचा जब कुछ सामान लेने दुकान पर गए, तभी आरोपियों ने नाबालिग किशोरी को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बिठा लिया। उसके चाचा (शिकायतकर्ता) घर लौटे, तो उन्होंने आरोपियो को अपनी भतीजी को बाइक पर बिठाकर ले जाते हुए देखा।
उन्होंने शोर मचाकर बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी किशोरी को बीच में बिठाने के बाद उसे लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिला है।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष

Facebook


