उप्र : मिर्जापुर की बाणसागर नहर में मिला महिला का शव

उप्र : मिर्जापुर की बाणसागर नहर में मिला महिला का शव

उप्र : मिर्जापुर की बाणसागर नहर में मिला महिला का शव
Modified Date: February 10, 2026 / 07:42 pm IST
Published Date: February 10, 2026 7:42 pm IST

मिर्जापुर, 10 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बाणसागर नहर में मंगलवार को एक महिला का शव बरामद किया गया जिसकी पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर उसकी पहचान का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।

लालगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि जिले के तेंदुआ कला गांव के पास नहर में ग्रामीणों ने पश्चिम दिशा से बहकर आ रहे एक शव को देखा जो किनारे आकर फंस गया था।

मौके पर जमा भीड़ की सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकलवाया।

उन्होंने बताया कि महिला काली साड़ी पहने हुए थी और शव काफी समय से पानी में होने के कारण फूल गया था।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव की फोटो और वीडियो आस-पास के गांवों व सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है, जिससे उसकी पहचान हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण डूबना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में