अग्नि अनापत्ति प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने से पहले ही जारी करें नोटिस : मुख्यमंत्री

Ads

अग्नि अनापत्ति प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने से पहले ही जारी करें नोटिस : मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 12:06 AM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 12:06 AM IST

लखनऊ, 28 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्नि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी शासकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा संस्थानों, जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों तथा होटलों में अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) की स्थिति का तत्काल सत्यापन करने के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन संस्थानों की ‘फायर एनओसी’ की वैधता समाप्त होने वाली है अथवा जिनके पास अब तक वैध ‘फायर एनओसी’ उपलब्ध नहीं है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किए जाएं।

राज्य सरकार के बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जनपद में संबंधित विभागों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।

मुख्यमंत्री रविवार को ‘स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन’ की बैठक में एक्सप्रेसवे, औद्योगिक अवसंरचना, ग्रामीण आजीविका, ऊर्जा, कृषि, डेटा सेंटर, ईवी चार्जिंग सहित प्रदेश की विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।

बयान के अनुसार इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

बैठक में गत सीएम-समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार