अमरावती, 28 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर राज्य में पांच वर्ष से कम आयु के 91.95 प्रतिशत बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई गई।
यादव ने बताया कि राज्य में 0-5 वर्ष आयु वर्ग के 49,20,239 बच्चों में से 45,24,116 बच्चों को रविवार को पोलियो की दवा दी गई।
उन्होंने कहा कि शेष बच्चों को टीका लगाने के लिए सोमवार और मंगलवार को चिकित्सा दल घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगे।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की, जबकि यादव ने विशाखापत्तनम में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
बयान के अनुसार, एनटीआर, मार्कापुरम और कृष्णा जिलों में क्रमशः 115.1 प्रतिशत, 113.2 प्रतिशत और 104.2 प्रतिशत बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि पलनाडु और अनाकापल्ली जिलों में क्रमशः 98.06 प्रतिशत और 97.9 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई।
इसमें कहा गया कि करनूल जिले में सबसे कम 73.5 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। इसके बाद अन्नामय्या में 79.9 प्रतिशत और नंदयाल में 80.9 प्रतिशत बच्चों को दवा पिलाई गई।
स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण आयुक्त चक्रधर बाबू ने बताया कि अभियान के लिए करीब 1.3 लाख कर्मियों को तैनात किया गया था।
राज्य में 29,873 पल्स पोलियो बूथ स्थापित किए गए। इसके अलावा 1,757 मोबाइल टीमों को तैनात किया गया और 1,144 ट्रांजिट बूथ भी बनाए गए।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश को पोलियो रोधी दवा की 68.6 लाख खुराक उपलब्ध कराई थीं, जिन्हें टीकाकरण अभियान के लिए सभी जिलों में वितरित किया गया।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल