गाजियाबाद में एक कुख्यात अपराधी गोलीबारी में घायल, अस्पताल में भर्ती

गाजियाबाद में एक कुख्यात अपराधी गोलीबारी में घायल, अस्पताल में भर्ती

गाजियाबाद में एक कुख्यात अपराधी गोलीबारी में घायल, अस्पताल में भर्ती
Modified Date: April 3, 2026 / 04:42 pm IST
Published Date: April 3, 2026 4:42 pm IST

गाजियाबाद (उप्र), तीन अप्रैल (भाषा) गाजियाबाद जिले के मोदीनगर थाना क्षेत्र के सीकरी कलां इलाके में 40 वर्षीय कुख्यात अपराधी पर गोलीबारी किये जाने का मामला सामने आया है जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद खुद गाड़ी चलाकर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में पहुंचा। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी और कहा कि घायल अपराधी की पहचान राहुल चौधरी (उर्फ कालू) के रूप में हुई है।

राहुल की गर्दन, छाती, पेट और पैर पर चार गोलियां लगीं। पुलिस ने कहा कि राहुल चोटों के बावजूद खुद गाड़ी चलाकर संजय नगर के एक निजी अस्पताल में पहुंचा जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, घटना बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे मोदीनगर के पास सीकरी कलां में सड़क किनारे एक ढाबे के सामने हुई।

राहुल चौधरी बेगमाबाद गांव का रहने वाला है और वर्तमान में राजनगर में रहता है। उस पर विभिन्न पुलिस थानों में 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक राहुल चौधरी इलाके में दोस्तों से मिलने गए थे और रात के खाने के बाद अपने वाहन से लौट रहे थे। जैसे ही वह अपनी कार में प्रवेश कर रहे थे, एक अज्ञात हमलावर भोजनालय के पास पहुंचा और गोलीबारी शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि राहुल छह माह पहले जिला पंचायत सदस्य रवि कुमार से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल जा चुका है और दो महीने पहले वह जमानत पर रिहा हुआ था । शुरुआती जांच में पता चला है कि हमला पुरानी दुश्मनी के चलते किया गया है।

पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों का उपयोग करके संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भास्कर वर्मा ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा सं जफर

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में