मुजफ्फरनगर (उप्र), एक फरवरी (भाषा) मुजफ्फरनगर से सटे शामली जिले में तिहरे हत्याकांड के आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्यवाही की गई है।
शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एन. पी. सिंह ने बताया कि फारुख (45) को पिछले साल 17 दिसंबर को कांधला थाना क्षेत्र के घड़ी दौलत गांव में अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
सिंह ने पत्रकारों को बताया कि शनिवार को फारुख के खिलाफ रासुका की कार्यवाही की गई।
पुलिस के अनुसार, फारुख ने पारिवारिक विवाद के बाद कथित तौर पर अपनी पत्नी ताहिरा और एक बेटी को गोली मार दी और बाद में दूसरी बेटी का गला घोंट दिया। इसके बाद उसने सुबूत मिटाने के लिए शवों को घर के अंदर दफना दिया।
पुलिस ने बताया कि पिछले साल 17 दिसंबर को उसकी गिरफ्तारी के बाद शव बरामद किए गए थे। वह फिलहाल जेल में बंद है। सत्र अदालत ने उसकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी है।
भाषा सं सलीम नोमान
नोमान