बलिया (उप्र), नौ मार्च (भाषा) बलिया जिले के रेवती कस्बे में सब्जी की दुकान लगाने को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बलिया क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि रविवार रात रेवती कस्बे के बीज गोदाम के पास धनजी तुरहा और सुनील तुरहा के बीच सब्जी की दुकान लगाने को लेकर विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान लाठी, डंडे और सरिया से प्रहार किया गया, जिसमें धनजी तुरहा (40) और उनका भाई भुलन तुरहा गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुरैशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने धनजी तुरहा को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार इस मामले में भुलन तुरहा की तहरीर पर सुनील तुरहा और उनकी मां मीना देवी के साथ ही अमन साहनी और कुदरनी देवी तथा कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।
भाषा सं सलीम खारी
खारी