बलिया (उप्र), 13 अगस्त (भाषा) बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर गांव के समीप बृहस्पतिवार को भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह के वाहन की कथित टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी है।
पुलिस ने कहा कि इस टक्कर के बाद वाहन पलटने के कारण पूर्व विधायक सहित चार लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार बैरिया क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह अपने वाहन (स्कॉर्पियो) से रसड़ा में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सम्मिलित होकर बैरिया लौट रहे थे। तभी रसड़ा-फेफना- बलिया राजमार्ग पर चिलकहर गांव के समीप स्कॉर्पियो की सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई जिसमें मोटरसाइकिल सवार अरशद (40) की मौत हो गई।
पूर्व विधायक सिंह ने बताया कि टक्कर के बाद उनका वाहन भी पलट गया , जिसमें उनके साथ सवार सभी चार लोग घायल हो गए।
थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
भाषा सं राजेंद्र संतोष
संतोष