बलिया (उप्र), 13 अगस्त (भाषा) बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय एक दिव्यांग युवती को प्रलोभन देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में 65 वर्षीय व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजनाथ (65) ने युवती की लाचारी का लाभ उठाते हुए उसे बहला-फुसला कर उसके साथ कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि युवती की तबियत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर गए जहां जांच में उसके चार माह की गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद युवती ने परिजनों से आपबीती बतायी।
पुलिस के मुताबिक, परिजन इस घटना को लेकर जब राजनाथ से पूछताछ करने गए तो उसके बेटे अनिल और भाई भोला ने अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी।
रसड़ा क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी रजनीश ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर बुधवार रात उभांव थाना में राजनाथ, और भोला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक