पीलीभीत: महिला से दुष्कर्म, धन वसूली के आरोप में मामला दर्ज

पीलीभीत: महिला से दुष्कर्म, धन वसूली के आरोप में मामला दर्ज

पीलीभीत: महिला से दुष्कर्म, धन वसूली के आरोप में मामला दर्ज
Modified Date: July 18, 2026 / 11:24 pm IST
Published Date: July 18, 2026 11:24 pm IST

पीलीभीत (उप्र), 18 जुलाई (भाषा) पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म करने एवं धन वसूलने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

बरखेड़ा के थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पहले बदायूं जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के देहला नगला गांव का निवासी ज्ञान सिंह पानी की टंकी के निर्माण कार्य के सिलसिले में उसके गांव आया था तथा काम के बहाने उसका महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया।

महिला ने आरोप लगाया कि एक दिन जब वह कपड़े बदल रही थी, तब आरोपी ने चुपके से उसकी तस्वीरें खींच लीं और बाद में इन तस्वीरों को इंटरनेट पर सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसने महिला से जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

आरोप है कि ज्ञान सिंह ने महिला के मोबाइल फोन से उसकी कुछ अन्य आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी अपने फोन में भेज लिए।

महिला की शिकायत के अनुसार, तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपी ने उससे किस्तों में कुल 1.20 लाख रुपये वसूले लेकिन इसके बाद भी उसकी मांग जारी रही।

शिकायत के अनुसार, वह लगातार फोन करके महिला से एक लाख रुपये और मांग रहा था तथा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

पीड़ित महिला की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं आनन्द

सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में