उत्तर प्रदेश: इटावा में राजमार्ग पर डबल डेकर बस में लगी आग, सभी 40 यात्री सुरक्षित
उत्तर प्रदेश: इटावा में राजमार्ग पर डबल डेकर बस में लगी आग, सभी 40 यात्री सुरक्षित
इटावा (उप्र), सात सितंबर (भाषा) इटावा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक डबल डेकर बस में आग लग गई, जिसके बाद सभी 40 यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बस दिल्ली से राठ जा रही थी, तभी ‘फ्रेंड्स कॉलोनी’ थाना क्षेत्र में आगरा-इटावा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर इटावा-फर्रुखाबाद पुल के पास उसमें आग लग गई।
नगर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अवनीश कुमार ने बताया कि यात्रियों ने बस से धुआं व आग की लपटें उठती देखीं और वे खिड़कियों से कूदकर बाहर निकल गए।
उन्होंने बताया कि राहगीरों से सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन दल को बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, इस घटना के कारण राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे का समय लगा, लेकिन तब तक बस और यात्रियों का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे।
कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट के कारण बस में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद बस के कर्मचारी मौके से फरार हो गए।
क्षेत्राधिकारी ने कहा, ‘‘बस में सवार सभी 40 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें उनके गंतव्यों तक भेजने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की गई।’’
थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को राजमार्ग से हटवा दिया गया और यातायात बहाल कर दिया गया है।
भाषा सं जफर
मनीषा खारी
खारी

Facebook


