पीलीभीत डीएम को धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
पीलीभीत डीएम को धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
पीलीभीत (उप्र), सात अप्रैल (भाषा) पीलीभीत के जिलाधिकारी (डीएम) को फोन पर धमकी देने के आरोप में पूरनपुर पुलिस ने मंगलवार को देर शाम किसान नेता बलजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर डीएम को घेरकर मारने-पीटने की धमकी देने और प्रशासन के विरुद्ध माहौल खराब करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आशुलिपिक नरेश वर्मा की तहरीर पर की गई है।
तहरीर के अनुसार, सोमवार शाम जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में बर्ड फ्लू रोकथाम कार्यबल की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उनकी व्यस्तता के कारण उनका ‘सीयूजी नंबर’ आशुलिपिक नरेश वर्मा के पास था। उसी दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के सीयूजी नम्बर पर एक कॉल आयी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी बलजिंदर सिंह ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जिलाधिकारी को ‘घेरकर मारने-पीटने’ की धमकी दी।
पुलिस का कहना है कि सिंह ने यह चेतावनी दी कि यदि जिला अधिकारी पूरनपुर मंडी में आए, तो उन्हें वहां भी घेर कर मारा पीटा जाएगा।
आरोपी ने इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया था।
पुलिस का मानना है कि इसका उद्देश्य आम जनता को प्रशासन के विरुद्ध भड़काना और सरकारी अधिकारी की प्रतिष्ठा को धूमिल करना था।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने मीडिया को बताया कि आशुलिपिक की तहरीर के आधार पर बलजिंदर सिंह (45) के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया है।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


