मऊ, 26 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मऊ सदर क्षेत्र से विधायक अब्बास अंसारी की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी को लापरवाही और विभागीय अनुशासनहीनता के आरोप में मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) कमलेश बहादुर ने कांस्टेबल उपेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनूप कुमार ने बताया कि विधायक की सुरक्षा के लिए गनर तैनात किया गया था और जांच में सामने आया कि संबंधित पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति जिले से बाहर चला गया और इसकी सूचना भी विभाग को नहीं दी।
कुमार ने कहा, “पुलिस विभाग में ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति के तैनाती वाला स्थान छोड़ना गंभीर अनुशासनहीनता माना जाता है। सुरक्षा में तैनात कर्मी का इस तरह ड्यूटी छोड़ना घोर लापरवाही है।”
उन्होंने कहा कि मामला सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई और विधायक की सुरक्षा के लिए दूसरा गनर तैनात कर दिया गया है।
अब्बास अंसारी ने 2022 का विधानसभा चुनाव सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के टिकट पर जीता था। सुभासपा ने 2022 का चुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन में लड़ा था। हालांकि, वर्तमान में यह पार्टी भाजपा नीत गठबंधन का हिस्सा है।
भाषा
सं आनन्द पारुल
पारुल