पिछली सरकारों ने ‘अपशकुन’ और अंधविश्वास को सरकार के फैसलों पर हावी होने दिया : आदित्यनाथ

पिछली सरकारों ने 'अपशकुन' और अंधविश्वास को सरकार के फैसलों पर हावी होने दिया : आदित्यनाथ

पिछली सरकारों ने ‘अपशकुन’ और अंधविश्वास को सरकार के फैसलों पर हावी होने दिया : आदित्यनाथ
Modified Date: March 18, 2026 / 07:40 pm IST
Published Date: March 18, 2026 7:40 pm IST

लखनऊ, 18 मार्च (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन पर ‘अपशकुन’ और अंधविश्वास को सरकार के फैसलों पर हावी होने देने का आरोप लगाया और कहा कि वर्तमान सरकार ने राज्य में विकास को गति देने के लिए ऐसी मान्यताओं को तोड़ा है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ”2017 से पहले, यह माना जाता था कि जो लोग हमारे विश्वास को अंधविश्वास कहते थे, वे नोएडा नहीं जाते थे। वे नोएडा इसलिए नहीं जाते थे क्योंकि उन्हें लगता था कि अगर वे वहां गए तो उनकी सत्ता चली जाएगी।”

उन्होंने कहा कि नोएडा के दौरे को मुख्यमंत्रियों के लिये ‘अपशकुन’ माना जाता था और ऐसी मान्यताओं ने विकास में कृत्रिम बाधाएं पैदा कीं।

पदभार संभालने के बाद अपने खुद के फैसले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ”जब मुझे मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई तो मैंने कहा कि मैं नोएडा जाऊंगा। अगर इसकी वजह से बाद में मेरी कुर्सी चली जाती है, तो बेहतर है कि वह आज ही चली जाए, लेकिन मैं नोएडा जाऊंगा। अगर यह राज्य के लिए अच्छा है, तो मैं नोएडा जाऊंगा और नोएडा के विकास में आने वाली बाधाओं को दूर करूंगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने विकास को प्राथमिकता देने के लिए जानबूझकर इस ‘अपशकुन’ वाली मानसिकता को खत्म किया।

उन्होंने कहा, ”आज, नोएडा और ग्रेटर नोएडा विकास के पथ पर अग्रसर हैं, और देश के विकास में योगदान दे रहे हैं। अगर हम नोएडा नहीं गए होते तो उत्तर प्रदेश देश के 55 प्रतिशत मोबाइल फोन का निर्माण नहीं कर पाता। देश के 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उत्तर प्रदेश में न बन रहे होते।”

उन्होंने कहा, ”हमने कहा था कि हम इस अपशकुन को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे। हम इसे विकास में बाधक नहीं बनने देंगे। आज हमने उसे भी हटा दिया है। अब उत्तर प्रदेश निवेश के लिए एक बेहतरीन गंतव्य के रूप में उभरा है।”

भाषा सलीम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में