सहारनपुर में किशोर की चाकू गोदकर हत्या, पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी

Ads

सहारनपुर में किशोर की चाकू गोदकर हत्या, पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी

  •  
  • Publish Date - March 30, 2024 / 04:18 PM IST,
    Updated On - March 30, 2024 / 04:18 PM IST

सहारनपुर (उप्र) 30 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र में एक किशोर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी। पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी ।

पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिमन्यु मांगलिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि थाना देहात कोतवाली के बेहट रोड स्थित दानिश कालोनी में शुक्रवार शाम अदनान (17) का चार-पांच युवकों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।

उन्होंने बताया कि इस बीच आसपास के लोग वहां एकत्र हो गये और मामले को वहीं रफा-दफा कर दिया गया।

मांगलिक ने बताया कि अदनान समेत सभी युवक वहां से चले गये और इसके बाद शुक्रवार रात इफ्तार के बाद घर के बाहर खडे़ उन्ही युवकों से एक बार फिर से अदनान की कहासुनी हो गयी और बात ज्यादा बढ़ जाने पर इन युवकों ने अदनान पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया।

पुलिस अधिकारी के अनुसार परिजन उसे घायल अवस्था मे रात्रि में ही चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मांगलिक ने बताया कि किशोर की मां सायरा की तहरीर पर मोहल्ले के ही चांद, अमीर, इरशाद, अनस और जमील के खिलाफ पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 307 (हत्या के प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा सं आनन्द पवनेश रंजन

रंजन