अलीगढ़ (उप्र), नौ सितम्बर (भाषा) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भमोरी खुर्द गांव के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने बुधवार को यह दावा करते हुए कक्षाओं में बैठने से इनकार कर दिया कि स्कूल की इमारत बेहद जर्जर है और उसके गिरने का खतरा बना हुआ है।
यह स्कूल बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह के प्रतिनिधित्व वाले अतरौली विधानसभा क्षेत्र में आता है।
छात्रों ने प्राधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और स्कूल की छत कमजोर होने की बात कही।
बाद में स्कूल का दौरा करने वाली एक मीडिया टीम ने पाया कि छत को सहारा देने वाली एक बीम बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी। साथ ही कई कमरों की दीवारों की हालत भी खराब थी और कुछ जगहों पर प्लास्टर उखड़कर गिर रहा था।
स्कूल परिसर घनी झाड़ियों से ढका हुआ था और छात्रों ने वहां अक्सर सांप देखे जाने का दावा किया।
शिक्षकों ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने इमारत की स्थिति के बारे में अधिकारियों से कई बार शिकायत की है लेकिन उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
इस बीच, जिला विद्यालय निरीक्षक पूरन सिंह ने कहा कि पुस्तकालयों और कोचिंग सेंटर सहित शैक्षणिक संस्थानों के लिए नवगठित जिला सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को हुई। उन्होंने कहा कि समिति ने उन शैक्षणिक संस्थानों को नोटिस जारी करने का फैसला किया है जहां सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन किया जा रहा है।
जेन-अल्फा कहे जाने वाले छात्रों का यह विरोध हाल के महीनों में शिक्षा और बुनियादी ढांचे से संबंधित मुद्दों पर फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज और लखनऊ में स्कूली छात्रों द्वारा इसी तरह के प्रदर्शन के बाद आया है।
भाषा सं जफर अमित
अमित