कुशीनगर में जहरीले धुएं से स्कूल के बच्चों को सांस लेने में परेशानी, इलाज के बाद सभी बच्चे स्वस्थ
कुशीनगर में जहरीले धुएं से स्कूल के बच्चों को सांस लेने में परेशानी, इलाज के बाद सभी बच्चे स्वस्थ
कुशीनगर (उप्र), तीन अप्रैल (भाषा) कुशीनगर जिले में तमकुहीराज तहसील के एक निजी स्कूल के बगल में स्थित भूखंड में सूखा कूड़ा जलाने से उठे जहरीले धुएं से 26 बच्चों को सांस लेने में परेशानी हुई जिसके चलते उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी और बताया कि स्वस्थ होने के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल के बगल में स्थित भूखंड में कुछ जंगली पौधे जलने की वजह से उठे धुएं से स्कूली बच्चों को बेचैनी और सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत मिली।
इस पर बच्चों को सेवरही स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत सभी बच्चों को घर भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि 11 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद एहतियातन मेडिकल कॉलेज,कुशीनगर भेजा गया ताकि उनका उत्तम उपचार हो सके।
अधिकारी ने कहा कि सभी बच्चे अब स्वस्थ हैं। मौके पर एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने सीएचसी पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
कुशीनगर के जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार एवं स्वास्थ्य टीम के द्वारा सीएचसी, संबंधित स्कूल और कुशीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज का दौरा किया गया।
जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने बताया कि सभी बच्चे स्वस्थ्य हैं और अब सभी बच्चों को घर भेज दिया गया है।
भाषा सं आनन्द संतोष
संतोष

Facebook


