जद(यू) के वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री पार्टी संगठन मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे

जद(यू) के वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री पार्टी संगठन मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे

जद(यू) के वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री पार्टी संगठन मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे
Modified Date: July 18, 2026 / 09:54 pm IST
Published Date: July 18, 2026 9:54 pm IST

लखनऊ, 18 जुलाई (भाषा) जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए राज्य का दौरा करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि जद(यू) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का प्रमुख घटक दल है और बिहार में सत्ता में साझेदार है।

पार्टी की ओर से शनिवार को जारी एक बयान के अनुसार, लखनऊ में जद (यू) की उत्तर प्रदेश इकाई की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद यह घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने की। इसमें बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) विधायक दल के नेता श्रवण कुमार भी शामिल हुए।

पटेल ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी मंडल, जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सम्मेलन आयोजित करेगी। इसके बाद प्रदेश स्तरीय अधिवेशन होगा, जिसमें जद (यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के मंत्री उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर संगठनात्मक कार्यक्रम चलाएंगे और लोगों से संपर्क करेंगे।

पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों की पहचान की प्रक्रिया शुरू करने का भी फैसला किया है। इसके लिए जिला इकाइयों और प्रदेश पदाधिकारियों से नाम मांगे जाएंगे।

पटेल ने कहा कि पार्टी किन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस पर अंतिम फैसला संगठनात्मक समीक्षा पूरी होने के बाद किया जाएगा।

श्रवण कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने खासतौर पर ग्रामीण विकास और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की चर्चा की।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता दल (यूनाइटेड) के विकास के एजेंडे को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाषा आनन्द सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में