हरदोई में दो लाख रुपये की रिश्वत लेते शाहाबाद नगर पालिका के ईओ रंगे हाथ गिरफ्तार
हरदोई में दो लाख रुपये की रिश्वत लेते शाहाबाद नगर पालिका के ईओ रंगे हाथ गिरफ्तार
हरदोई (उप्र) 15 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस), लखनऊ सेक्टर की टीम ने सोमवार को शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) कृष्ण कुमार सोनकर को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
सतर्कता विभाग के अनुसार, हरदोई के सदर बाजार खजांची टोला निवासी सुदेश कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की फर्म लक्ष्मी इलेक्ट्रिकल्स पिछले कई वर्षों से शाहाबाद नगर पालिका में बिजली आपूर्ति और रखरखाव का काम कर रही है। फर्म के पिछले कार्यों के बिलों का भुगतान लंबे समय से बकाया था। आरोप है कि इन बिलों को पास करने और भुगतान जारी करने के एवज में ईओ कृष्ण कुमार सोनकर ने दो लाख रुपये कमीशन मांगा था। ईओ ने धमकी दी थी कि रिश्वत न देने पर बकाया भुगतान नहीं होगा।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ सेक्टर को लिखित शिकायत दी। गोपनीय जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सोमवार को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने शाहाबाद में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने ईओ को दो लाख रुपये नकद दिए, टीम ने उन्हें मौके पर दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी ईओ को हिरासत में लेकर लखनऊ पहुंची। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में सतर्कता अधिष्ठान थाना, लखनऊ सेक्टर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि

Facebook


