बरेली (उप्र), 27 जुलाई (भाषा) यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एक व्यापारिक जहाज पर हमले के बाद चालक दल में शामिल उत्तर प्रदेश के बरेली का 22 वर्षीय युवक लापता हो गया है, जिससे उसके परिवार और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
परिजनों के मुताबिक, बरेली जिले के भरतौल गांव निवासी दीपक कुमार गुप्ता व्यापारिक जहाज एमवी एजीएन रैगनार पर चालक दल के सदस्य के रूप में कार्यरत थे। उनके परिवार ने सोमवार को कहा कि जहाज कंपनी ने उन्हें रविवार रात फोन पर सूचित किया कि दीपक जहाज पर हमले के बाद से लापता हैं।
प्रारंभिक जानकारी से पता चला है कि जहाज में चालक दल के चार भारतीय सदस्य शामिल थे। ग्राम प्रधान प्रवेश देवी ने कहा कि उनमें से दो सुरक्षित हैं, जबकि दीपक समेत दो अन्य का अभी भी पता नहीं चल पाया है।
दीपक के बड़े भाई संजीव गुप्ता घटना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए दिल्ली स्थित कंपनी के कार्यालय के लिए रवाना हुए हैं।
घटना के बाद, ग्राम प्रधान प्रवेश देवी ने कहा कि उन्होंने और एक अन्य स्थानीय प्रतिनिधि रीतराम पटेल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, जो कि बरेली के मूल निवासी हैं, से बात की और उन्हें मामले से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे और दीपक की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता देंगे।
दीपक का परिवार मूल रूप से बिहार के सीवान जिले का रहने वाला है, लेकिन कई साल से बरेली के भरतौल गांव में रह रहा है।
उनके पिता उद्धव कुमार गुप्ता वर्तमान में सीवान पुलिस में कांस्टेबल के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया, ‘‘कंपनी ने हमें कल शाम घटना के बारे में सूचित किया लेकिन हमारे बेटे के ठिकाने के बारे में अब तक कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं है।’’
भारतीय सेना में नायब सूबेदार रह चुके उद्धव कुमार ने कहा, ‘‘परिवार कंपनी और अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और दीपक की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहा है।’’
भाषा सं जफर आशीष
आशीष