नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) एक्सट्रानेट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली बंद होने के दिन 12.24 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ में 91,93,800 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 11,25,20,210 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 26.65 गुना अभिदान मिला जबकि खुदरा निवेशकों के हिस्से को 8.98 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 7.13 गुना अभिदान मिला।
एक्सट्रानेट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के आईपीओ को पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को बोली के पहले ही दिन पूर्ण अभिदान मिल गया था।
आईपीओ से पहले, एक्सट्रानेट टेक्नोलॉजीज ने एंकर निवेशकों को 127 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 39.40 लाख इक्विटी शेयर आवंटित किए, जिससे लगभग 50 करोड़ रुपये जुटाए गए।
सार्वजनिक पेशकश के लिए मूल्य दायरा 120-127 रुपये प्रति शेयर है।
कंपनी आईटी और आईटी-आधारित सेवाओं की एक बड़ी श्रृंखला की पेशकश करती है।
कंपनी के शेयरों को 30 जुलाई को बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय