लखनऊ/गाजीपुर (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने गाजीपुर जिले के नोनहरा क्षेत्र में इस सप्ताह के आरंभ में कथित पुलिस लाठीचार्ज में घायल हुए भाजपा कार्यकर्ता की मौत की जांच के लिए रविवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।
इस तीन सदस्यीय एसआईटी का नेतृत्व काशी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त गौरव बंसवाल करेंगे।
लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार वाराणसी के अपर पुलिस उपायुक्त अंशुमान मिश्रा और वाराणसी के कैंट के सहायक पुलिस आयुक्त नितिन तनेजा एसआईटी के अन्य सदस्य होंगे।
इससे पहले दिन में भाजपा के गाजीपुर प्रभारी राकेश त्रिवेदी, जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय और पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की एवं उन्हें घटना से अवगत कराया।
भानुप्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पारदर्शी जांच कराने और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
नौ सितंबर को नोनहरा थाना परिसर में हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज में भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय (35) घायल हो गये थे। बाद में 11 सितंबर को इलाज के दौरान उपाध्याय की मौत हो गई थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लाठीचार्ज तब हुआ जब लगभग 20-25 लोग नोनहरा थाने पहुंचे और बिजली का खंभा लगाने के विरोध में वहां बैठ गए।
घटना के बाद छह पुलिसकर्मियों को निलंबित और पांच को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
भाषा सं. सलीम राजकुमार
राजकुमार