मथुरा, 10 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में बृहस्पतिवार को आईपीएल मैच में सट्टा लगाने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मौके से भारी मात्रा में नकदी, सट्टेबाजी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि बरामद हुए हैं। गिरफ्तार सभी लोगों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक (नगर) आशना चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि थाना सदर पुलिस एवं विशेष अभियान दल (एसओजी) की संयुक्त टीम द्वारा की गई छापेमारी में औरंगाबाद की शिवधाम कॉलोनी में आरोपी एक बंद मकान में आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते मिले।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों की पहचान बांकेबिहारी, आदिल, रिजवान, किशोर, मुकेश और बॉबी के रूप में हुई है। छापेमारी में कुल एक लाख 63 हजार 530 रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, सट्टे से संबंधित तीन नोटबुक और एक लैपटॉप बरामद किया गया।
गिरफ्तार लोगों में शामिल बांकेबिहारी नामक व्यक्ति को स्थानीय भाजपा नेता बताया जाता है, जिनके बंद पड़े एक मकान में ही सट्टा लगाने का काम किया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए पांच आरोपी मथुरा के निवासी हैं और छठा व्यक्ति बॉबी फिरोजाबाद का रहने वाला है। उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा सं जफर मनीषा नेत्रपाल
नेत्रपाल